(मुकेश गुर्जर)
गंगापुर।स्मार्ट हलचल|निकटवर्ती सल्यावडी ग्राम में पैंथर के बढ़ते आतंक ने एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे पैंथर ने एक गाय को अपना शिकार बना लिया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैंथर ने पहले नीलगाय को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर पास में चर रहे चार-पांच गायों के झुंड में से एक छोटी गाय पर हमला कर उसे मार डाला। पैंथर के खौफ के कारण कोई भी ग्रामीण घटना का लाइव फोटो या वीडियो नहीं ले सका।
स्थानीय निवासी गाय पालक पप्पू सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगभग हर 15–20 दिन में पैंथर द्वारा किसी न किसी पशु को शिकार बनाया जा रहा है। इस संबंध में कई बार वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दी जा चुकी है। कई बार विभागीय टीमें मौके पर पहुंची भी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पैंथर का भय लगातार बढ़ता जा रहा है और अब यह खतरा केवल पशुओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कभी भी किसी ग्रामीण पर भी हमला हो सकता है। पूर्व में भी पैंथर के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अभी तक वन विभाग द्वारा पैंथर को पकड़ने या क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इस संबंध में वन विभाग कार्मिक नारायण सिंह ने बताया कि जन सहयोग से चीते के लिए बकरे की व्यवस्था की जाए विभाग की तरफ से पिंजरा लगा दिया जाएगा
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, पैंथर को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए तथा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि आमजन और उनके पशुओं की जान सुरक्षित रह सके।
