लिफ्ट, एस्केलेटर, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित स्टेशन विकास के मुद्दों पर यात्रियों ने रखे सुझाव
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल की ओर से विशेष अभियान 6.0 के तहत गुरुवार को भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर रेल जन संवाद आयोजित किया गया। संवाद में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, उनकी समस्याओं और आवश्यक सुधारों को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) विकास सेहरा और स्टेशन प्रबंधक जीवनराम ज्योतियाना उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान यात्रियों ने लिफ्ट एवं एस्केलेटर, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म पर शेड, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाओं पर अपने सुझाव रखे। इसके साथ ही स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांगजन के लिए सुविधाओं और उद्घोषणा प्रणाली में सुधार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
यात्रियों की सुविधा के लिए कोच पोजीशन डिस्प्ले, संकेतक बोर्ड, नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा वर्तमान ट्रेनों के ठहराव से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र के विकास और अन्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित सुझावों पर भी चर्चा की।
इस दौरान यात्रियों को स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और सार्वजनिक सुविधाओं की साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। प्राप्त सुझावों को संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई के लिए रखने पर जोर दिया गया। रेल जन संवाद का उद्देश्य यात्री सहभागिता बढ़ाने के साथ स्टेशन पर सुविधाओं के सुधार और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करना रहा।