भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|दीपावली पर्व से पहले जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई कार्रवाई में देवनारायण डेयरी और श्रीराम डेयरी से घी के दो नमूने लिए गए। वहीं, रतन एजेंसी से कॉम्प्लान ब्रांड के मिल्क पाउडर का सैंपल लिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जवाहर नगर स्थित देवनारायण डेयरी और श्रीराम डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच करते हुए घी के दो नमूने लिए गए। दोनों डेयरियों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसी क्रम में टीम ने रतन एजेंसी से कॉम्प्लान ब्रांड के मिल्क पाउडर का नमूना भी लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, नीरज कुमार मीणा, कुलदीप चौधरी, अंकित शर्मा, विजय मेहता और संजय वर्मा मौजूद रहे।
खरीदारी करते समय निर्माण और समाप्ति तिथि जरूर जांचें
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण एवं समाप्ति तिथि अवश्य जांचने की अपील की है। संदिग्ध या अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के फोन नंबर 01482-232643 पर दी जा सकती है।