जयपुर/भीलवाड़ा, 16 नवंबर।
स्मार्ट हलचल|प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में साफ-सफाई, नियमित पेस्ट कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी है। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चिकित्सा मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों, जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल करवाया जाए। अस्पताल परिसरों में चूहों एवं अन्य कीटों की रोकथाम के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने अस्पतालों के सभी वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष, शौचालयों सहित अन्य चिकित्सा इकाइयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही इन व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने और सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया।
मंत्री खींवसर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं के प्रति जवाबदेह रहना होगा। मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण की रोकथाम और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए सभी चिकित्सा संस्थानों को गंभीरता से कार्य करना होगा।