मसूदा ITI में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संकल्प: सावरकर जयंती पर ‘माय भारत’ का बड़ा आयोजन, 100 से अधिक युवाओं ने ली प्रेरणा

अनिल कुमार

ब्यावर/मसूदा।स्मार्ट हलचल।केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) अजमेर की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) मसूदा में वीर विनायक दामोदर सावरकर जयंती के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने देश सेवा और राष्ट्र निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

संघर्ष और त्याग की मिसाल थे सावरकर: सिसोदिया

पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक लेखराज सिंह रावत के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ITI मसूदा के अधीक्षक जगदीश सिंह सिसोदिया रहे। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वीर सावरकर का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और आत्मबलिदान का अनुपम उदाहरण है। आज की युवा पीढ़ी को उनके विचारों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

डिजिटल माध्यम से दिखाई संघर्ष गाथा

कार्यक्रम में संस्थान के गुरु दयाल ने पीपीटी और वीडियो प्रेजेंटेशन के जरिए सावरकर के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और सेल्युलर जेल (काले पानी) के कठिन संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सावरकर का संदेश युवाओं को एकजुट करने और देश को सशक्त बनाने वाला था।

क्विज प्रतियोगिता में छाए विजय, रीना और अरविंद

युवाओं में जागरूकता परखने के लिए ‘आधुनिक भारत में सावरकर की प्रासंगिकता’ और ‘युवा शक्ति’ जैसे विषयों पर एक प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता रखी गई। इसमें कड़े मुकाबले के बीच विजयसिंह चौहान ने प्रथम, रीना रावत ने द्वितीय और अरविंद सिंह रावत ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को मंच पर अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

‘माय भारत’ पोर्टल से जुड़ने का आह्वान

जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने ‘माय भारत’ संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने सभी युवाओं से ‘माय भारत’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर राष्ट्रहित के अभियानों से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।