चलती कार में घूसखोरी का लाइव ‘क्लाइमेक्स’: जहाजपुर का पटवारी भंवर सिंह 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जहाजपुर | एसीबी ट्रैप एक्शन | पटवारी गिरफ्तार 2026

चलती कार में घूसखोरी का लाइव ‘क्लाइमेक्स’: जहाजपुर का पटवारी भंवर सिंह 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

डिक्री दर्ज करने की एवज में मांगी थी रिश्वत; कार के बंद डैशबॉक्स से बरामद हुई रकम, एसीबी टोंक टीम की बड़ी कार्रवाई
विशेष खोजी रिपोर्ट: मोहम्मद आज़ाद नेब

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टोंक इकाई ने मंगलवार को जहाजपुर तहसील के ऊंचा हल्का पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने न्यायालय के आदेश के अनुसार जमीन की डिक्री दर्ज करने के बदले परिवादी से रिश्वत की मांग की थी, जिसे चलती कार में लेते हुए दबोचा गया।

चलती कार में हुआ रिश्वत का सौदा:

एसीबी के अनुसार, परिवादी ने हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के पक्ष में न्यायालय का फैसला होने के बावजूद पटवारी भंवर सिंह राजस्व रिकॉर्ड में डिक्री दर्ज करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद मंगलवार को आरोपी पटवारी ने परिवादी को बीच रास्ते अपनी कार में बैठाया और रिश्वत की राशि कार के डैशबॉक्स में रखवा दी। पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चलती कार को रुकवाया और डैशबॉक्स से 20 हजार रुपये बरामद कर पटवारी को मौके पर ही धर दबोचा।

पूछताछ जारी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज:
यह पूरी कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक के निर्देशन तथा एसीबी टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में की गई। आरोपी भंवर सिंह मूल रूप से सीकर जिले का निवासी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन के साथ पूछताछ जारी है।