(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|जिले के बिजौलियां ऊपरमाल की पावन धरा पर विराजित प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव मंदिर में श्री तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट, तिलस्वा की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। ऊपरमाल किसान पंचायत एवं तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट के सानिध्य में श्रावण मास के प्रथम दिन 30 जुलाई 2026 से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रमों की पूर्णाहुति श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ हुई। श्रावण मास के दौरान शांति पाठ, लघु रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप एवं अखंड रामायण पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्णाहुति अवसर पर गणपति स्थापना एवं पूजन, पूर्णाहुति मंडल हवन, महा रुद्र हवन, महामृत्युंजय हवन तथा सहस्त्रधारा अभिषेक की पूर्णाहुति विधि-विधान से संपन्न हुई। विभिन्न गोत्रों के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान कराए गए। आयोजन का उद्देश्य देश में सुख-शांति, अमन-चैन एवं समृद्धि की कामना के साथ अच्छी वर्षा और फसलों के लहलहाने की प्रार्थना करना रहा। साथ ही क्षेत्र में पर्याप्त खनिज संपदा, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारा एवं सौहार्द कायम रहने तथा किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से देश-प्रदेश की रक्षा की कामना की गई। भगवान श्री श्री श्री 1008 श्री शंकर जी की असीम अनुकम्पा एवं इंद्र देवता को प्रसन्न करने की भावना से यह धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान तिलस्वां महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार, क्षेत्र तथा देश की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की। पूर्णाहुति के दौरान मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और धार्मिक जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर परिसर में ठहरने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई, ताकि धार्मिक आयोजन में शामिल होने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कार्यक्रम में तिलस्वां मंदिर के महंत एवं स्थायी प्रन्यासी पूर्णा शंकर पाराशर, ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश चंद्र अहीर, सचिव मांगीलाल धाकड़, आचार्य छीतर गोड़, फूलचंद कराड़, सुगनलाल धाकड़ सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य, किसान पंचायत के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के समापन पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अंत में श्रद्धालुओं ने ट्रस्ट की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन के लिए आभार जताया।
