बोतलों में पेट्रोल-डीजल बिक्री का आरोप, किसानों को ट्रैक्टर लाने को किया जाता है मजबूर

स्मार्ट हलचल|खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र में संचालित पेट्रोल पंपों पर नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और किसानों का कहना है कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा बोतलों में खुलेआम पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है, जबकि कटाई-मड़ाई में लगे किसानों को गैलन में डीजल देने से मना कर ट्रैक्टर लेकर आने के लिए मजबूर किया जा रहा है।बताया जा रहा है कि रक्षपालपुर चौराहे के बिछियावां मार्ग के पास स्थित अपना पेट्रोल पंप पर सुबह से ही आसपास के दुकानदार खाली पानी की बोतलें लेकर पहुंच जाते हैं और 1-2 लीटर पेट्रोल-डीजल बोतलों में भरवाकर ले जाते हैं। आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा बिना रोक-टोक यह बिक्री की जा रही है। वहीं, जब किसान ट्रैक्टर के लिए कैन में डीजल लेने पहुंचते हैं तो उन्हें नियमों का हवाला देकर ट्रैक्टर लेकर आने को कहा जाता है।

किसानों का कहना है कि कटाई-मड़ाई के मौसम में डीजल की तत्काल जरूरत होती है। ट्रैक्टर खेतों में खड़े होने के कारण कई बार 10 से 15 किलोमीटर दूर पेट्रोल पंप तक लाना संभव नहीं होता। ऐसे में डीजल न मिलने से काम बाधित हो रहा है और कई बार ट्रैक्टरों को धक्का लगाकर लाना पड़ता है।

इस बीच पेट्रोल पंप पर बोतल में डीजल भरते कर्मचारियों की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल बताई जा रही है। कर्मचारियों के इस रवैये से किसानों और क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

जिला आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच करवा कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।