प्रसूता माताओं की जिंदगी बचाने आगे आए भामाशाह, चिकित्सा विभाग को दिए 32 बैलून कैथेटर

 

प्रसवोत्तर रक्तस्राव की आपात स्थिति में उपचार में मिलेंगे उपयोगी, नानणा के राजेंद्र काठात व सीता ने किया सहयोग

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल |प्रसव के दौरान या प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव प्रसूता के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी आपात परिस्थितियों में समय पर उपचार और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य से ब्यावर में भामाशाह परिवार ने मातृ स्वास्थ्य के लिए सराहनीय पहल करते हुए चिकित्सा विभाग को 32 महत्वपूर्ण मेडिकल उपकरण भेंट किए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत एवं समाजसेवी हीरालाल सैन की प्रेरणा से ग्राम नानणा, तहसील रायपुर निवासी भामाशाह राजेंद्र काठात एवं सीता ने Haemolock Postpartum Balloon Catheter के 32 उपकरण कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ब्यावर को सहयोग स्वरूप प्रदान किए।
ये उपकरण प्रसव के बाद होने वाले अत्यधिक गर्भाशय रक्तस्राव यानी Postpartum Haemorrhage को नियंत्रित करने के चिकित्सकीय प्रबंधन में उपयोगी हैं। उपकरणों की उपलब्धता से जिले के हाई रिस्क गर्भावस्था एवं प्रसव सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य संस्थानों में आपात स्थिति के दौरान चिकित्सा टीम को उपचार का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।
चिकित्सा विभाग ने भामाशाह दंपती के सहयोग को मातृ जीवन की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आभार जताया। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश कुमावत, ब्लॉक जिला कार्यक्रम प्रबंधक वाजिद अक्तर एवं जिला लेखा प्रबंधक संदीप गुप्ता ने इस मानवीय पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
विभाग ने अन्य भामाशाहों एवं समाजसेवियों से भी जिले के चिकित्सा संस्थानों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।