अमरनाथ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का डिपो के बालाजी मंदिर में भव्य अभिनंदन

मीणा समाज ने किया गर्मजोशी से स्वागत-थली के नवविवाहित दंपति लोकेश-खुशी मीणा ने भी किए बाबा बर्फानी के दर्शन

टोंक । स्मार्ट हलहल|पवित्र अमरनाथ यात्रा से सकुशल लौटे टोंक के श्रद्धालुओं का गुरुवार को डिपो स्थित बालाजी मंदिर परिसर में श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ भव्य अभिनंदन किया गया।
मीणा समाज के जिलाध्यक्ष रामकरण मीणा के नेतृत्व में समाज के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बाबा बर्फानी अमरनाथ की जय” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में गुंजायमान हो उठा। अमरनाथ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मबल, अनुशासन, धैर्य और मानसिक दृढ़ता की अनूठी परीक्षा भी है। उन्होंने कहा कि यात्रा की कठिन परिस्थितियां श्रद्धालुओं को सेवा, संयम और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का संदेश देती हैं।कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी यात्रियों के सुरक्षित एवं सफल यात्रा पूर्ण कर लौटने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
*नवविवाहित दंपति ने भी किए बाबा बर्फानी के दर्शन*
इस अवसर पर थली गांव निवासी नवविवाहित दंपति लोकेश मीणा एवं खुशी मीणा भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विवाह के बाद दोनों ने बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन कर सुखमय दांपत्य जीवन एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए उनके इस आध्यात्मिक संकल्प की सराहना की।