मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। अंचल के छोटे से गाँव होड़ा की लाडली रिंकू शर्मा ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) परीक्षा के ‘आर्थिक प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंध’ (EAFM) विषय में पूरे प्रदेश में *14वीं रैंक* हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शिक्षाविद सिद्धार्थ देसाई ने बताया कि रिंकू की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे मांडलगढ़ अंचल और शिक्षा जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है। रिंकू शर्मा एक बेहद साधारण कृषक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी रिंकू के लिए यह सफर आसान नहीं था। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य है, लेकिन रिंकू के हौसले और कुछ कर गुजरने के जुनून के आगे तमाम विपरीत परिस्थितियाँ भी बौनी साबित हुईं। उन्होंने आर्थिक तंगहाली, सुख-सुविधाओं के अभाव और ग्रामीण पृष्ठभूमि की चुनौतियों से डटकर मुकाबला किया। रिंकू ने साबित कर दिया कि यदि मन में दृढ़ संकल्प, अटूट मेहनत और सही दिशा में प्रयास हो, तो गरीबी और विपरीत परिस्थितियाँ कभी भी सफलता के मार्ग में रोड़ा नहीं बन सकतीं। रिंकू ने अपनी पढ़ाई के लिए मुख्य मार्गदर्शन राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा के सहायक आचार्य डॉ. सिद्धार्थ देसाई से प्राप्त किया। साथ ही रिंकू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता लाली देवी – विष्णु शर्मा के आशीर्वाद और अपनी निरंतर पढ़ाई को दिया। उन्होंने बिना विचलित हुए प्रतिदिन कई घंटों तक कड़ा अभ्यास और अकादमिक शोध कार्य जारी रखा, जिसका सुखद परिणाम आज संपूर्ण राजस्थान के सामने 14वीं रैंक के रूप में आया है। रिंकू शर्मा के इस सर्वोच्च पद पर अंतिम चयन की सूचना मिलते ही होड़ा ग्राम सहित पूरे मांडलगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रिंकू की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी ग्रामवासियों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। रिंकू का यह चयन ग्रामीण क्षेत्र की उन हजारों बालिकाओं के लिए एक महान प्रेरणास्रोत बनेगा जो विपरीत हालातों में भी उच्च शिक्षा के सपने संजोए हुए हैं।
