(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल|स्वच्छता के दावों और जमीनी हकीकत में कितना अंतर है, इसकी तस्वीर पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर रोड स्थित बड़ी बस्ती में साफ नजर आ रही है। सुबह के 11 बजने को हैं, लेकिन सड़क किनारे कचरे का भारी ढेर लगा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि पास में ही नगर पालिका का कचरा पात्र लगा है, लेकिन कचरा उसमें डालने के बजाय बाहर बिखरा पड़ा है।करोड़ों रुपये खर्च कर डस्टबिन लगाने और स्वच्छता अभियान चलाने के बावजूद यदि शहर की यह स्थिति है, तो आखिर इन व्यवस्थाओं का लाभ किसे मिल रहा है?सवाल नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि सुबह की सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कौन कर रहा है? सफाई कर्मचारी समय पर क्यों नहीं पहुंच रहे? और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के इस अंबार की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
पुष्कर की पहचान स्वच्छता और धार्मिक पर्यटन से है, लेकिन ऐसी तस्वीरें शहर की छवि पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार इस तस्वीर को देखकर जागते हैं या फिर सफाई के दावे कागजों तक ही सीमित रहेंगे।
ख़ास बात है कि पुष्कर के मोहल्ले मोहल्ले में घरों का कचरा एकत्रित करने वाला वाहन भी काफ़ी दिनों से नहीं आता है । इस पर भी प्रशासन का अंकुश नहीं है ।