ब्यावर में भू-माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार: फर्जी दस्तावेज बनाकर प्लॉट बेचने वाले गिरोह के 4 शातिर गिरफ्तार, 6.5 लाख रुपये हड़पने का मामला

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशों पर थाना साकेत नगर पुलिस ने भू-माफियाओं और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। फर्जी मालिक बनकर जाली कागजातों के जरिए जमीन बेचकर लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह के 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी (ब्यावर) राजेश कसाना के सुपरविजन में साकेत नगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
यह था पूरा मामला
पुलिस के अनुसार प्रार्थी रवि लुहार ने अदालत के माध्यम से इस्तगासा पेश कर शिकायत दर्ज कराई थी कि गिरोह के सदस्यों ने खुद को ग्राम ठिकराना महेंद्रातान स्थित एक प्लॉट का फर्जी मालिक बताया। आरोपियों ने कूटरचित (जाली) दस्तावेज तैयार कर उक्त प्लॉट प्रार्थी को बेच दिया और छलपूर्वक उससे 6,50,000 रुपये हड़प लिए।

शिकायत पर थाना साकेत नगर में मुकदमा संख्या 165/2026, धारा 316(2), 318(4), 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान साकेत नगर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:
दूदाराम (50 वर्ष) पुत्र पुसाराम सरगरा, निवासी लोटौती (थाना जैतारण, ब्यावर)
मोईनुद्दीन (65 वर्ष) पुत्र सफी मोहम्मद कुरैशी, निवासी निंबाज (थाना जैतारण, ब्यावर)
हनुमान सिंह (60 वर्ष) पुत्र शिव सिंह रावण राजपूत, निवासी राजीव गांधी कॉलोनी (पाली)
जयराम (42 वर्ष) पुत्र पुकाराम कुमावत, निवासी देवली कलां (थाना जैतारण, ब्यावर)
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया, सहायक उप-निरीक्षक तेजाराम, हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल हनुमान सहाय (विशेष योगदान), कांस्टेबल रणजीत, कांस्टेबल राजेंद्र, कांस्टेबल अशोक सिंह और कांस्टेबल ओमप्रकाश शामिल रहे।
पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है और गिरोह द्वारा बनाए गए अन्य फर्जी दस्तावेजों और संभावित सहयोगियों के संबंध में अनुसंधान जारी है।