मथुरा में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गेस्ट हाउस पर छापा

राजेन्द्र खटीक

शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|मथुरा-मथुरा से पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक गेस्ट हाउस पर छापा मारा। इस कार्रवाई में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला कोतवाली क्षेत्र के बीएसए चौकी इलाके का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीएसए चौकी क्षेत्र में स्थित आरएस गेस्ट हाउस में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां चलने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई एएसपी आशना चौधरी के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से चार युवतियों और तीन युवकों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस में देह व्यापार का धंधा काफी समय से चल रहा था और इसकी शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा लगातार की जा रही थी।
पुलिस को मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा गेस्ट हाउस के संचालकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिस पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी आशना चौधरी ने बताया कि जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी सख्त कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी ऐसे अवैध कार्यों पर इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।