शिकायत के बाद पुलिस हरकत में, स्कूल के सामने खड़ी 8 मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई

स्मार्ट हलचल।थांवला कस्बे के बस स्टैंड स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने लंबे समय से बेतरतीब ढंग से खड़ी रहने वाली मोटरसाइकिलों के कारण विद्यार्थियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और स्कूल परिसर के बाहर अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़ी मोटरसाइकिलों को जब्त कर पिकअप वाहन के माध्यम से पुलिस थाने पहुंचाया। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क और स्कूल के प्रवेश मार्ग को खाली कराया, जिससे विद्यार्थियों और अध्यापकों को आने जाने में राहत मिली। जानकारी के अनुसार कई वाहन चालक सुबह अपनी मोटरसाइकिलें स्कूल के सामने खड़ी कर पूरे दिन के लिए चले जाते थे। इससे स्कूल खुलने और छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं को निकलने में काफी दिक्कत होती थी। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों और बच्चों के अभिभावकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को देखते हुए यह कार्रवाई आवश्यक थी। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्कूल के प्रवेश द्वार और सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। एएसआई सुरेंद्र मीणा ने बताया कि कुल आठ मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं जिसमें चार के चालान काटे और चार सीज़ की गई हैं ।