अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026’ के ड्राफ्ट को लेकर आमजन और समाज के विभिन्न वर्गों की राय जानने के उद्देश्य से सोमवार को एक संभाग स्तरीय वर्चुअल जनसुनवाई का आयोजन किया गया। ब्यावर जिले की यह जनसुनवाई कलेक्ट्रेट सभागार स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कक्ष से डिजिटल माध्यम से संपन्न हुई।
ड्राफ्ट समिति के समक्ष रखे गए विचार
इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई की अध्यक्षता राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 प्रारूप समिति के सदस्य एवं राजस्थान उच्च न्यायालय (जयपुर) के अतिरिक्त महाधिवक्ता बसंत सिंह छाबा ने की। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस बैठक में ब्यावर जिले के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के पदाधिकारियों, चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रवक्ताओं के साथ-साथ कानून और सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षाविदों ने भाग लिया और अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार साझा किए।
व्यापक जनपरामर्श है मुख्य उद्देश्य
प्रारूप समिति के सदस्य बसंत सिंह छाबा ने सभी हितधारकों के सुझावों को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त हुए सभी विचारों और सुझावों को नियमानुसार संकलित (Compile) किया जाएगा और इसे अंतिम निर्णय के लिए प्रारूप समिति के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए एक व्यापक और सर्वसमावेशी कानून का निर्माण करना है।
जिला प्रशासन रहा मौजूद
ब्यावर कलेक्ट्रेट में आयोजित इस वर्चुअल बैठक के दौरान जिला कलक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट सहित समान नागरिक संहिता के लिए गठित जिला स्तरीय कमेटी के सभी प्रशासनिक सदस्य और अधिकारी उपस्थित रहे।
