सादुलपुर (बजरंग आचार्य )
स्मार्ट हलचल|राजगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुआ चुनाव बेहद रोमांचक और सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राकेश पूनिया ने एक कड़े मुकाबले में जीत का परचम लहरा दिया है। इस हाई-वोल्टेज चुनाव में भाजपा के राकेश पूनिया को 20 मत मिले, जबकि उनकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार रुखसाना बानो को 19 मत हासिल हुए। इस चुनाव में एक मत के खारिज होने ने राजनीतिक सरगर्मी को चरम पर पहुँचा दिया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
एक मत का फेर और राजनीतिक घमासान
मतगणना के दौरान जब एक वोट को खारिज (अमान्य) घोषित किया गया, तो राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई। इस एक वोट के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी रुखसाना बानो महज एक मत से पीछे रह गईं।
मत खारिज होने की इस घटना पर कांग्रेस खेमा आक्रामक हो गया। पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे सीधे तौर पर ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया। परिणाम आते ही नगर पालिका कार्यालय के बाहर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर भारी तनाव फैल गया।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा टकराव
दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच बढ़ती तनातनी को भांपते हुए स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर मुस्तैद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण(आरपीएस ) , अभिजीत पाटिल आईपीएस सहायक पुलिस अधीक्षक , और राजगढ़ थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने अपनी भारी पुलिस फोर्स के साथ अत्यंत संयम और सूझबूझ का परिचय दिया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया।
माँ करणी के दरबार में टेका माथा, निकला भव्य विजय जुलूस
जीत की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष राकेश पूनिया ने सबसे पहले नगर पालिका के समीप स्थित माँ करणी के दरबार में पहुँचकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इसके बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं का जोश हाई दिखा। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच एक भव्य काफिला शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए उनके मुख्य कार्यालय के लिए रवाना हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया, प्रो. दिलीप पूनिया, डॉ. कौशल पूनिया, जोगेंद्र झाझड़िया, भाजपा जिला प्रवक्ता विमल पूनिया, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, कृष्ण जांगिड़ और प्रवेश ख्यालिया ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश पूनिया का भव्य स्वागत किया और उन्हें इस रोमांचक जीत पर बधाई दी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश पूनिया ने अपनी इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और शहर की जनता का आशीर्वाद बताया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे बिना किसी भेदभाव के राजगढ़ के विकास कार्यों को गति देंगे।