जावदा में मतगणना के बाद मतदानकर्मियों से मारपीट और तोड़फोड़, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

जिला निर्वाचन अधिकारी से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग, चुनावी व्यवस्थाओं में सुधार के भी दिए सुझाव

चित्तौड़गढ़, 23 नवंबर।स्मार्ट हलचल।हाल ही में संपन्न पंचायतराज निर्वाचन के चतुर्थ चरण में भैंसरोड़गढ़ ब्लॉक की जावदा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव की मतगणना के बाद मतदानकर्मियों के साथ हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील ने कड़ा आक्रोश जताया है। संगठन ने प्रदेश कोषाध्यक्ष कालूराम खटीक के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।जिलाध्यक्ष गोपेश ने बताया कि मतगणना के बाद असामाजिक तत्वों ने मतदानकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम में हार की आशंका के चलते कुछ लोगों ने एकराय होकर मतदानकर्मियों पर जानलेवा हमला किया।

हमलावरों ने कमरे में रखा फर्नीचर तहस-नहस कर दिया तथा पंखे भी तोड़ दिए। आरोप है कि मतदानकर्मियों पर भाले, धारदार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया। कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। घायल कर्मचारियों को किसी तरह निकटवर्ती चिकित्सालयों में पहुंचाकर उपचार कराया गया।

संगठन पदाधिकारियों ने इस घटना को बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने मांग की कि घटना में लिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में चुनाव ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।

ज्ञापन देने वालों में संभाग महामंत्री घनश्याम गर्ग, जिला मंत्री गिरीराज सोमानी, ब्लॉक प्रवक्ता गोवर्धनलाल आचार्य, उपशाखा मंत्री राजुलाल तेली, ब्लॉक अध्यक्ष गणेश उनियारा, श्यामसिंह राजपूत, कपासन अध्यक्ष पुरुषोत्तम लक्षकार, अनिल बारेसा, उमेश चाष्टा, जयदीप शर्मा, फतेहसिंह सोलंकी एवं सूर्यकांत तोलम्बिया सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

संगठन ने भविष्य में होने वाले चुनावों के दौरान मतदानकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चुनावी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के सुझाव भी दिए।