बूढ़ादीत के बनेठिया गांव में तलाई निर्माण कार्य पर उठे सवाल, घटिया निर्माण और अवैध बजरी के इस्तेमाल के आरोप

मरम्मत के नाम पर की जा रही लीपापोती, सुरक्षा दीवार निर्माण में भी मानकों की अनदेखी का आरोप; निर्माण स्थल पर 20 से 25 ट्रॉली बजरी का स्टॉक होने की चर्चा

बूढ़ादीत। स्मार्ट हलचल।बूढ़ादीत क्षेत्र के बनेठिया गांव में जल संसाधन विभाग के माध्यम से करवाए जा रहे तलाई निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मरम्मत कार्य के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है, वहीं निर्माण में मिट्टी युक्त काली बजरी का उपयोग किया जा रहा है, जो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों के अनुसार, तलाई की सुरक्षा दीवार के निर्माण में भी निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया गया है। आरोप है कि दीवार निर्माण में गुणवत्ता और मजबूती को लेकर लापरवाही बरती गई है। वहीं तलाई निर्माण कार्य के दौरान निकली मिट्टी को कथित रूप से अवैध तरीके से बेचे जाने की बात भी सामने आ रही है।

मामले में एक और गंभीर आरोप यह है कि निर्माण स्थल पर करीब 20 से 25 ट्रॉली बजरी का स्टॉक रखा हुआ है। बजरी की गुणवत्ता और उसके वैध स्रोत को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि निर्माण कार्य में वास्तव में अवैध रूप से लाई गई मिट्टी युक्त बजरी का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो यह सरकारी धन और निर्माण की गुणवत्ता दोनों के लिहाज से गंभीर जांच का विषय है।

प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही बजरी की गुणवत्ता की तकनीकी जांच, सुरक्षा दीवार की मापदंडों के अनुसार जांच, मिट्टी की बिक्री और बजरी के स्टॉक की वैधता की पड़ताल करवाने की मांग उठाई है।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मौके पर जांच करवाकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करते हैं। सरकारी निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।