खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर तक्कीपुर कठरिया गांव में बिजली और पेयजल समस्या को लेकर किसानों व ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। लगातार चल रहे आंदोलन का असर अब दिखने लगा है। प्रशासन ने बिजली व्यवस्था सुधारने और पानी की समस्या दूर करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार को जल निगम के जेई शिव बहादुर सिंह धरनास्थल पहुंचे और गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने रीबोर के लिए आठ स्थान चिह्नित किए तथा शाम से ही कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। जिन स्थानों को रीबोर के लिए चयनित किया गया उनमें श्रीराम पटेल, राकेश रैदास, भूप सिंह, संदीप तिवारी, फूल कुंवर, पंचम लाल कोरीन का डेरा, रामबरन और खेल मैदान शामिल हैं।
वहीं बिजली विभाग ने भी गांव में झुके पोल और लटकती तारों को दुरुस्त करने का कार्य दो दिनों के भीतर शुरू कराने का भरोसा दिलाया है। इससे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
धरने का नेतृत्व कर रहे जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी खागा, एसडीएम और प्रभागीय वनाधिकारी फतेहपुर को लगातार सूचना देकर बुलाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शनिवार तक संबंधित अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचे तो दोपहर तीन बजे धाता-विजयीपुर मार्ग जाम किया जाएगा।
धरने के तीसरे दिन ग्रामीणों और किसानों की संख्या में और बढ़ोतरी देखने को मिली। धरनास्थल पर मनोज श्रीवास्तव, रोहित सिंह, अंगद पटेल, राजू, शिव गोविंद, दशरथ, अजय सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।
इस संबंध में जल निगम के जेई शिव बहादुर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गांव में रिवोर के लिए आठ स्थान चिन्हित किए गए हैं जहां आज शाम तक मशीन लगवा कर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा
वहीं विद्युत विभाग रसूलपुर सानी के जेई राजेंद्र सिंह ने बताया कि इंस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है बहुत जल्द जर्जर तार व पोलो को दुरुस्त कराया जाएगा
