मंगरोप@मुकेश खटीक।कस्बे में पावर हाउस के पास से लेकर सांवरिया जी मंदिर तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।करीब 200 मीटर लंबे इस सड़क मार्ग पर छोटे-बड़े 30 से अधिक गड्ढे हो चुके हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि वाहन चालकों के लिए इस मार्ग पर सुरक्षित रूप से निकलना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने दो-तीन गड्ढे बेहद गहरे हैं।इनमें वाहन का टायर पड़ते ही संतुलन बिगड़ जाता है और चालक गिर पड़ते हैं।अब तक कई दुपहिया वाहन चालक इन गड्ढों की वजह से दुर्घटना का शिकार होकर चोटिल हो चुके हैं।इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।ग्रामीण शुभम कुमार और सत्यनारायण ने बताया कि सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी हुई है।बरसात से पहले ही सड़क की स्थिति खराब थी,लेकिन अब गड्ढों का आकार और गहराई दोनों बढ़ गए हैं।कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों को बचते-बचाते निकलना पड़ता है।रात के समय और भी अधिक खतरा बना रहता है क्योंकि गड्ढे स्पष्ट दिखाई नहीं देते।स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण अब कई लोग इस रास्ते का उपयोग करने से बचने लगे हैं और वैकल्पिक मार्गों का सहारा ले रहे हैं।सड़क पर लगातार बढ़ते गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है,लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर गहरे गड्ढों को भरवाया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाएगी तथा हादसों की संख्या बढ़ सकती है।
