इलाज के साथ इबादत: चिकित्सकों ने 24 घंटे तक की शिवालय में जलधारा, कन्याओं को कराया प्रसाद वितरण

बिन्टू कुमार

नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|कस्बे की आदर्श सीएचसी परिसर स्थित शिवालय में चिकित्सकों की ओर से आयोजित 24 घंटे की जलधारा का मंगलवार को समापन हुआ। इस अवसर पर चिकित्सकों एवं नर्सिंगकर्मियों ने भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. पूरण मल चौधरी ने बताया कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की आराधना के उद्देश्य से शिवालय में 24 घंटे तक लगातार जलधारा का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के समापन पर भगवान शिव का विधिवत पूजन एवं जलाभिषेक किया गया। इसके बाद कन्याओं को प्रसाद वितरित किया गया। चिकित्सा कर्मियों ने कहा कि मरीजों की सेवा के साथ ईश्वर की आराधना करने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और सेवा भाव को और मजबूती मिलती है। इस मौके पर डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. सुरेश मीणा, डॉ. विक्रम गुर्जर, डॉ. मनीष बामनिया, डॉ. जितेंद्र यादव, सुनील शर्मा, राकेश गुप्ता, रामबातार यादव, गुड्डू शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।