सड़क, पानी, रोशनी… शाहपुरा में अब हर मोर्चे पर विकास की रफ्तार तेज
शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|शाहपुरा नगर में अब विकास की रफ्तार तेज होने जा रही है। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने जनसुनवाई में जनता से मिले सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शहर के लिए करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। नगर पालिका के जरिए इन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द ही धरातल पर काम नजर आने लगेंगे।
जनसुनवाई में शहरवासियों ने टूटी सड़कों, जाम नालियों, पेयजल संकट, खराब स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक स्थलों की बदहाली जैसे मुद्दे उठाए थे। इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विधायक डॉ. बैरवा ने साफ कहा कि शाहपुरा का चहुंमुखी विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
स्वीकृत कार्यों में शहर की सड़कों का निर्माण व मरम्मत, नई नालियों का निर्माण, पेयजल लाइन विस्तार, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करना, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण सहित कई जरूरी नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।
विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे हों। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर जनता को समय पर राहत देने पर जोर दिया गया है।
डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि “जनता का विश्वास और सुझाव ही विकास की असली ताकत है। शाहपुरा को आधुनिक और सुविधायुक्त नगर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।”
अब शहरवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं से राहत मिलेगी और शाहपुरा विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।
