तेयुप भीलवाड़ा के अध्यक्ष चुने गए मनोज दक: बादल मेहता को 62 मतों से हराया, समर्थकों ने मनाया जश्न

भीलवाड़ा | सामाजिक समाचार | तेयुप चुनाव 2026

वार्षिक अधिवेशन में आय-व्यय का ब्यौरा पेश, परिषद से विदा होने वाले 34 युवाओं का हुआ भव्य सम्मान; सभा अध्यक्ष अशोक सिंघवी ने युवाओं से किया संघ सेवा का आह्वान
विशेष समाज ब्यूरो: स्मार्ट हलचल (भीलवाड़ा)

भीलवाड़ा, 17 जून 2026। स्मार्ट हलचल।तेरापंथ धर्मसंघ की संघीय संस्था तेरापंथ युवक परिषद भीलवाड़ा के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव सम्पन्न हुए, जिसमें मनोज दक ने 62 मतों से ऐतिहासिक जीत हासिल की है। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज दक का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

रोमांचक चुनाव के मुख्य आंकड़े:

तेरापंथ युवक परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमित महता ने बताया कि इस चुनाव में परिषद के कुल 286 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगणना के बाद विजेता प्रत्याशी मनोज दक को 174 मत प्राप्त हुए, जबकि दूसरे प्रत्याशी बादल मेहता को 112 मत मिले। यह पूरी प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी सुनील बनवट एवं संपत कोठारी की देखरेख में संपन्न हुई।

संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प:
नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज दक ने सभी परिषद सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की गरिमा, एकता और परिषद की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी साथियों को एक साथ लेकर कार्य करने का संकल्प जताया। चुनाव के दौरान अभातेयुप की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में तुषार सुराना, हिमांशु रांका एवं अभातेयुप सदस्य कुलदीप मारू, अभिषेक आंचलिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वार्षिक अधिवेशन में पेश हुआ वर्षभर का प्रतिवेदन:
चुनाव से पूर्व परिषद का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें निवर्तमान अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। मंत्री ने वर्षभर आयोजित की गई गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा कोषाध्यक्ष सुनील श्री श्रीमाल ने आय-व्यय का विवरण सभी के समक्ष रखा। मुख्य अतिथि तेरापंथ सभा के अध्यक्ष अशोक सिंघवी ने युवाओं को पूर्ण निष्ठा के साथ संघ सेवा में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर परिषद से रिटायर होने वाले 34 युवा साथियों का सम्मान किया गया। अंत में आभार सुधीर दक ने व्यक्त किया।