आदर्श विद्या मंदिर ब्यावर की शैक्षिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचलआदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर के प्रधानाचार्य नवीन कुमार सैनी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, सामाजिक सरोकार, समर्पण एवं श्रेष्ठ परीक्षा परिणामों के लिए ‘राष्ट्रीय शिक्षक गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में 20 सितम्बर को आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन एवं शिक्षक दिवस समापन महोत्सव में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 51 विशिष्ट शिक्षकों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, विश्व बंधुत्व एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता डॉ. हुकुम चंद गणेशिया ने की। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति जे.के. रांका, न्यायमूर्ति डॉ. ईश्वर मसरूर कुद्दुसी, राज्यसभा सांसद नागेन्द्र राय उर्फ अनंत महाराज, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह तथा पूर्व सांसद विजयपाल तोमर सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य नवीन कुमार सैनी को मिले राष्ट्रीय सम्मान से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे आदर्श विद्या मंदिर ब्यावर के साथ ही पूरे ब्यावर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश लड्ढा, जिला मंत्री मनोज कुमार टेलर, जिला सचिव संजय शर्मा, प्रबंध समिति अध्यक्ष रमेश चंद्र भराड़िया, सचिव हेमेंद्र दगदी, कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश टेलर सहित प्रबंध समिति सदस्यों, आचार्य-दीदी परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने सैनी को बधाई दी।