दरोगा पति पर प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज
*(शीतल निर्भीक ब्यूरो)*
प्रयागराज।स्मार्ट हलचलधूमनगंज क्षेत्र के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में उपनिरीक्षक की पत्नी की मौत से सनसनी फैल गई। शनिवार देर रात पति से वीडियो कॉल पर बातचीत के कुछ समय बाद 33 वर्षीय अधिवक्ता कंचन सिंह ने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में मृतका के पति उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह के खिलाफ प्रताड़ना समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कानपुर निवासी कंचन सिंह की शादी करीब दो वर्ष पहले उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह से हुई थी। कंचन हाईकोर्ट में अधिवक्ता थीं। दंपती धूमनगंज स्थित पारस ग्रीन अपार्टमेंट के नौवें तल पर बने फ्लैट में रहते थे। शनिवार रात जितेंद्र सिंह ड्यूटी के सिलसिले में बाहर गए थे, जबकि कंचन फ्लैट में अकेली थीं।
बताया जा रहा है कि रात में कंचन की पति जितेंद्र सिंह से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान कंचन की किसी बात से जितेंद्र सिंह चिंतित हो गए। उन्होंने तत्काल एक पड़ोसी को फोन कर फ्लैट में जाकर कंचन को देखने और मदद करने के लिए कहा। इसके बाद वह स्वयं भी अपार्टमेंट पहुंच गए।
पड़ोसी के फ्लैट पर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर दरवाजा खुलवाया गया तो कमरे में कंचन को फंदे से लटका पाया गया। आनन-फानन में उन्हें नीचे लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना से पहले पति-पत्नी के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत होने की बात सामने आई है। हालांकि कंचन ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह के खिलाफ प्रताड़ना समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।