काछोला में जलझूलनी एकादशी पर निकली शोभायात्रा, एक दर्जन से अधिक बैवाण ने किया जलविहार
84 गांव आम चौखला के भक्त उमड़े,
जोधपुर की दिव्या व त्रिशा के भजनों पर थिरके श्रद्धालु
काछोला 22 सितम्बर – स्मार्ट हलचल|तहसील कस्बे में मंगलवार को जलझूलनी एकादशी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में 84 गांव आम चौखला क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक विभिन्न मंदिरों के बैवाण नगर भ्रमण के लिए निकले। शोभायात्रा का जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।शोभायात्रा के दौरान कलाकार जोधपुर की दिव्या वैष्णव व त्रिशा के भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर जमकर थिरके। जय कन्हैया लाल की,चारभुजा रा चौक म,के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया। जलझूलनी एकादशी महोत्सव में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों में पंडितों ने भगवान का अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया।
दोपहर करीब 2:15 बजे ठाकुरजी निज मंदिर से भक्तों के कंधों पर सवार होकर ग्वाले के रूप में जलझूलन के लिए रवाना हुए। इसके बाद विभिन्न मंदिरों के बैवाण शोभायात्रा के साथ जलविहार के लिए पहुंचे। सरोवर के घाट पर सभी मंदिरों के बैवाण की विशेष आरती की गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान के साथ जलविहार किया।
वहीं क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री सरथला चारभुजा नाथ मंदिर में भी दिनभर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जलझूलनी एकादशी को लेकर कस्बे सहित आसपास के गांवों में भी धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।वही सुबह भगवान रामदेव जी महाराज के बेवान में विराजकर रेगर समाज व मेघवंशी समाज द्वारा भगवान को नगर भ्रमण कराकर जल विहार करवाया।