लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|सदर कोतवाली क्षेत्र के महेवागंज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसी के घर के बाहर रोजाना अराजक तत्वों का जमावड़ा लगता है, जहां से महिलाओं और युवतियों पर अश्लील फब्तियां कसी जाती हैं। विरोध करने पर आरोपितों ने महिला के परिवार पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि सदर कोतवाली पुलिस ने भी उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय उसे डांटकर भगा दिया।
शिकायती पत्र के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे पीड़िता की बहू किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि पड़ोसी पप्पू पुत्र त्रिमोहन और उसके साथियों ने बहू पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर पीड़िता, उसका बड़ा पुत्र संतोष तथा घर में काम कर रहा एक मिस्त्री मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे कई लोगों को चोटें आईं। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ, लेकिन जाते-जाते आरोपितों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल सदर कोतवाली पुलिस को दी गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें डांटकर लौटा दिया। इससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
