भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, 525 पैकेट तंबाकू के साथ 8 नेपाली महिलाएं पकड़ी गईं

लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीफंटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान नेपाल की आठ महिलाओं को 525 पैकेट प्रतिबंधित “सुपर पावर” तंबाकू के साथ गिरफ्तार किया। बरामद तंबाकू की अनुमानित कीमत करीब ₹47,250 आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ककरहिया से मोहन नदी घाट जाने वाले कच्चे मार्ग पर पुलिस टीम ने कुछ महिलाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में आते देखा। तलाशी लेने पर उनके अलग-अलग पिट्ठुओं से कुल 525 पैकेट “सुपर पावर” तंबाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में सभी महिलाएं नेपाल के जिला कैलाली की निवासी पाई गईं। पुलिस ने बरामद तंबाकू को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया है। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गौरीफंटा पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और सीमा पार से होने वाली गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।