सूरौठ।स्मार्ट हलचल|कस्बे में हिंडौन मार्ग के पास वाले क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति होने के विरोध में शनिवार को यहां के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया तथा जलदाय विभाग अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा से मांग की है कि पेट्रोल पंप के पास लीकेज जलदाय विभाग की पाइपलाइन को दुरुस्त करवा कर नलों से हो रही दूषित पानी की आपूर्ति को बंद करवाया जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता श्री मोहन मीणा, केदार मीणा, गुन्ना मीणा, राम हरी मीणा सहित काफी लोग हिंडौन बयाना मार्ग स्थित शिव कॉलोनी मोड के पास एकत्रित हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि पेट्रोल पंप के निकट जलदाय विभाग की पाइपलाइन लीकेज हो रही है जिससे नलों में दूषित पानी आ रहा है। दूषित पानी की आपूर्ति से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई हैं। लीकेज पाइपलाइन को दुरुस्त करवाने की मांग कई बार विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है लेकिन अभी तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने हिंडौन मार्ग पर शिव कॉलोनी मोड के सामने कई माह से खराब पड़े हैंडपंप को दुरुस्त करवाने की मांग प्रशासन से की है। लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी हैंडपंप ठीक नहीं करवाया गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।