मतदान से पहले प्रशासन की ‘फील्ड परीक्षा’, गांव-गांव पहुंचकर परखी चुनावी तैयारियां

हरराजपुरा, मानपुरा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त चुनाव कराने के दिए निर्देश

अनिल कुमार खीची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को होने वाले पंच एवं सरपंच पदों के चतुर्थ चरण के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए मसूदा क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति मसूदा दीपशिखा ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत हरराजपुरा, मानपुरा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक मसूदा शिवराज सिंह एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति मसूदा संदेश पाराशर भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजाम, कानून एवं शांति व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। रिटर्निंग अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने और मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिक आपसी समन्वय एवं पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशासन का फोकस शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने पर है।