नीरज मीणा
दौसा। स्मार्ट हलचल/राजस्थान पुलिस दिवस (16 अप्रैल) के उपलक्ष्य में जिला दौसा के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस और आमजन के बीच संवाद व विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के तहत स्कूलों के छात्र-छात्राओं का पुलिस थानों में शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को थानों की कार्यप्रणाली, विभिन्न शाखाओं, रिकॉर्ड संधारण प्रणाली तथा पुलिस की दैनिक जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना परिसर का निरीक्षण कराते हुए उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका और जनसेवा से जुड़े कार्यों के बारे में भी अवगत कराया गया।
वहीं, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, दौसा द्वारा केंद्रीय विद्यालय दौसा सहित जिले के विभिन्न भीड़भाड़ वाले एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं, छात्राओं एवं आमजन को सुरक्षा और कानून से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा राजकोप सिटिजन ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, 1091, 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को गुड टच–बैड टच की पहचान तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं एवं आमजन के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही उन्हें कानून के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास को सुदृढ़ करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।
