कहा- भव्य शपथ समारोह तक सांवरिया सेठ ही संभालेंगे कुर्सी, मैं तो सेवक बनकर करूंगा जनता की सेवा।
ओम जैन
शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|शंभूपुरा ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच राम प्रसाद जाट ने पदभार ग्रहण करने से पहले एक अनोखी और आध्यात्मिक पहल कर सबका दिल जीत लिया। सोमवार को सरपंच जाट ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ कर गंगाजल और गोमूत्र से पूरी ग्राम पंचायत का शुद्धिकरण करवाया।शुद्धिकरण के बाद सरपंच जाट ने सबसे बड़ा फैसला लेते हुए सरपंच की मुख्य कुर्सी पर स्वयं न बैठकर भगवान सांवरिया सेठ की तस्वीर को विराजमान किया। उन्होंने कहा कि यह कुर्सी जनता की अमानत है और इस पर साक्षात सांवरिया सेठ विराजेंगे।
मैं सेवक, मालिक सांवरिया सेठ” – सरपंच जाट
इस अवसर पर सरपंच राम प्रसाद जाट ने कहा, “मैं इस पंचायत का सरपंच नहीं, सेवक हूं। असली सरपंच तो मेरे सांवरिया सेठ हैं। जब तक भव्य शपथ ग्रहण समारोह नहीं होता, तब तक सांवरिया सेठ ही इस कुर्सी को संभालेंगे और उनके आशीर्वाद से ही गांव के विकास कार्य होंगे। मैं तो बगल में बैठकर जनता की सेवा करूंगा।”
उन्होंने बताया कि पंचायत भवन में लंबे समय से कई तरह की अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थी, कई गलत काम भी हुए इसलिए गंगाजल-गोमूत्र से शुद्धिकरण कर सकारात्मक ऊर्जा के साथ नई शुरुआत की गई है।
भव्य होगा शपथ ग्रहण समारोह
सरपंच जाट ने बताया कि जल्द ही पूरे शंभूपुरा पंचायत की जनता के आशीर्वाद से एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी समाज के वरिष्ठजन और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उसके बाद विधिवत रूप से विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जनता में हर्ष, साधु-संतों ने की सराहना
सरपंच के इस धार्मिक और संस्कारी कदम की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार किसी सरपंच ने कुर्सी पर बैठने से पहले भगवान को कुर्सी पर बैठाया है। साधु-संतों और बुजुर्गों ने इसे सनातन संस्कृति का सम्मान बताया।
गौरतलब है कि इससे पहले ही सरपंच जाट ने शपथ से पहले ही अपना पहला चुनावी वादा पूरा करते हुए नल बिल माफी का ऐलान कर जनता को दीपावली का तोहफा दिया था, जिसकी भी पूरे शंभूपुरा में जनता खुले दिल से सराहना कर रही है।