वैश्विक टेक्सटाइल बाजार में भीलवाड़ा की चमक, साम टेक्सटाइल्स ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ाया भीलवाड़ा का गौरव

पंकज पोरवाल

लगातार छठी बार गोल्ड ट्रॉफी जीतने वाली कंपनी को चार प्रतिष्ठित निर्यात पुरस्कार, सिंथेटिक व रेयॉन स्पन फैब्रिक्स सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|टेक्सटाइल उद्योग में अंतरराष्ट्रीय पहचान कायम करते हुए भीलवाड़ा की प्रतिष्ठित कंपनी साम टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड ने एक बार फिर निर्यात के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट निर्यात प्रदर्शन के लिए कंपनी को चार प्रतिष्ठित निर्यात पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने लगातार छठे वर्ष सर्वाेच्च निर्यात प्रदर्शन के लिए गोल्ड ट्रॉफी जीतकर अपनी सफलता का सिलसिला बरकरार रखा है। कंपनी को सिंथेटिक एवं रेयॉन स्पन फैब्रिक्स, मीडियम स्केल सेक्टर तथा सार्क देशों को निर्यात सहित विभिन्न श्रेणियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार कंपनी की निर्यात क्षमता, उत्पादों की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय बाजार में विश्वसनीयता और विदेशी ग्राहकों के साथ मजबूत व्यावसायिक संबंधों को दर्शाते हैं। लगातार छह वर्षों तक गोल्ड ट्रॉफी हासिल करना कंपनी की दीर्घकालिक व्यावसायिक रणनीति, बेहतर प्रबंधन और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, ग्राहकों की बदलती मांग और गुणवत्ता के कड़े मानकों के बीच कंपनी ने अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है। भीलवाड़ा देश के प्रमुख टेक्सटाइल उत्पादन केंद्रों में शामिल है। यहां यार्न, फैब्रिक, प्रोसेसिंग और वस्त्र निर्माण से जुड़ी हजारों इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में साम टेक्सटाइल्स की लगातार छठी गोल्ड ट्रॉफी और चार निर्यात पुरस्कारों की उपलब्धि न केवल कंपनी बल्कि पूरे भीलवाड़ा टेक्सटाइल उद्योग के लिए गौरव का विषय है। यह सफलता स्थानीय उद्योगों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी भागीदारी बढ़ाने की प्रेरणा भी बनेगी।
मुकेश भार्गव के नेतृत्व में मिली सफलता
कंपनी की इस उपलब्धि के पीछे संस्थापक मुकेश भार्गव की दूरदर्शिता, निरंतर प्रयास और समर्पित कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। कंपनी का नेतृत्व गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार और निर्यात आधारित विकास को प्राथमिकता देते हुए कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में जुटा है। पुरस्कार समारोह में भार्गव परिवार के प्रतिनिधियों एवं निदेशक शौर्य भार्गव सहित अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
सिंथेटिक और रेयॉन फैब्रिक्स में मजबूत पहचान
टेक्सटाइल उद्योग में सिंथेटिक एवं रेयॉन स्पन फैब्रिक्स की मांग लगातार बढ़ रही है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिधान बाजार में इन फैब्रिक्स के व्यापक उपयोग के चलते इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ी है। ऐसे में साम टेक्सटाइल्स ने गुणवत्ता और निर्यात प्रदर्शन के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है। मीडियम स्केल सेक्टर और सार्क देशों में निर्यात के क्षेत्र में मिली उपलब्धियां कंपनी की अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक पहुंच को और मजबूत करती हैं।