आर.के. मार्बल ग्रुप का बड़ा सहयोग: ब्यावर कौशल विकास केंद्र के लिए दिए 1 करोड़ रुपये और निःशुल्क सीमेंट

अनिल कुमार

ब्यावर/किशनगढ़।स्मार्ट हलचल|लघु उद्योग भारती चित्तौड़ प्रांत की प्रांतीय बैठक किशनगढ़ में आयोजित की गई, जिसमें प्रांत के 14 जिलों के 150 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया। इस बैठक में ब्यावर इकाई के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई, जहां शहर में प्रस्तावित कौशल विकास केंद्र के निर्माण हेतु आर.के. मार्बल ग्रुप द्वारा 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और संपूर्ण निर्माण कार्य के लिए निःशुल्क सीमेंट देने की घोषणा की गई।यह आर्थिक सहयोग अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र एवं निवर्तमान अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। ब्यावर शाखा अध्यक्ष सचिन नाहर और कौशल विकास केंद्र निर्माण समिति के अध्यक्ष दीपक झंवर ने इस सहयोग के लिए आर.के. मार्बल ग्रुप तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र में कौशल विकास, स्वरोजगार और औद्योगिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।

बैठक के प्रमुख बिंदु:
उद्योग व महिला उद्यमिता पर मंथन: बैठक में महिला उद्यमियों के प्रोत्साहन हेतु ‘स्वयंसिद्ध’ योजना (SOP), ‘लीप’ पोर्टल, स्टोनमार्ट एवं पश्चिम राजस्थान उद्योग मेले पर विस्तार से चर्चा हुई।

4 स्थानों पर कौशल केंद्र: प्रांत में ब्यावर, अजमेर, भीलवाड़ा और उदयपुर में कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से अजमेर का कार्य प्रगति पर है और ब्यावर का कार्य इस सहयोग के बाद तेजी पकड़ेगा।

ब्यावर इकाई की भागीदारी: बैठक में ब्यावर मुख्य इकाई से अजय खंडेलवाल, विजय मेहता, गगन भारद्वाज, पियूष हेडा, श्रीकांत बिहानी तथा महिला इकाई से उर्वशी भारद्वाज, रश्मि भारद्वाज एवं श्वेता नाहर ने सहभागिता की।