ब्यावर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण चिन्हीकरण शिविर 23 व 24 जुलाई को

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार एवं एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए दो दिवसीय चिन्हीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के जरूरतमंद वरिष्ठजनों को चिन्हित कर आगामी चरण में नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी श्री विशाल सिंह सोलंकी ने बताया कि पहला शिविर 23 जुलाई 2026 को प्रातः 9 बजे से पंचायत समिति जैतारण क्षेत्र के अंतर्गत मालियों की बगीची (बस स्टैंड के पास, जैतारण) में आयोजित होगा। वहीं दूसरा शिविर 24 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे से पंचायत समिति रायपुर क्षेत्र के लिए राजकीय अम्बेडकर छात्रावास (कपूरी, रायपुर) में आयोजित किया जाएगा।

नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे ये उपकरण
शिविर में चिन्हित पात्र वरिष्ठ नागरिकों को आगामी चरण में आवश्यकतानुसार कान की मशीन, व्हीलचेयर, वॉकर, स्टूल विद कमोड, छड़ी, गर्दन का पट्टा, कमर बेल्ट और घुटना सपोर्ट जैसे सहायक उपकरण पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान किए जाएंगे।

ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
शिविर में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी पात्रता के सत्यापन हेतु निम्नलिखित दस्तावेज साथ अवश्य लाएं:

आधार कार्ड

आय प्रमाण पत्र अथवा पेंशन प्रमाण पत्र

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने ब्यावर जिले के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।