त्योहारों पर रेलवे की सौगात, उदयपुर-दिल्ली के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा सहित 14 स्टेशनों पर होगा ठहराव, 21 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा; दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे लगाएगी ट्रेन|भीलवाड़ा, 14 अक्टूबर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उदयपुर सिटी और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से उदयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, दोनों दिशाओं में यह स्पेशल ट्रेन छह-छह फेरे लगाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09617 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को उदयपुर सिटी से रात 9.15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 11.15 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09618 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को दिल्ली सराय से दोपहर 1.45 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 4 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन का दोनों दिशाओं में मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को त्योहारी सीजन में अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे। इनमें दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकोनॉमी, छह द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक गार्ड डिब्बा और एक पावरकार शामिल हैं। रेलवे ने अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए इस विशेष रेलसेवा का संचालन निर्धारित किया है।