राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी विशेष अभियान शुरू

पहले 2 दिनों में 1259 हार्डकोर अपराधियों पर कार्रवाई*

*अपराधियों, नशा तस्करों और यातायात नियम तोड़ने वालों पर हुआ एक्शन*

*220 एनडीपीएस प्रकरण में 221 आरोपी गिरफ्तार*

*एमवी एक्ट में 24 हजार 816 कार्रवाई*

जयपुर, 22 जुलाई।स्मार्ट हलचल|मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशाओं के अनुसार राजस्थान पुलिस ने पूरे प्रदेश में 20 जुलाई से 20 अगस्त तक एक माह का विशेष अभियान प्रारंभ कर अपराधियों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को एक बार फिर मजबूती से सामने ररखा है ।राजस्थान पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार सभी पुलिस रेंज और दो पुलिस आयुक्तालयों में एक साथ संचालित इस अभियान के दौरान हार्डकोर अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, साइबर अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना रहा।

*हार्डकोर अपराधियों पर सबसे बड़ा प्रहार*

विशेष अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में 1259 हार्डकोर अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की गई। हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही कई स्थानों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया।

*नशे के नेटवर्क पर करारा वार*

विशेष अभियान में राजस्थान पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर निर्णायक प्रहार करते हुए 220 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए तथा 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान विभिन्न रेंजों में मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
नशे के विरूद्ध कार्यवाही के दौरान बीेकानेर रेंज में वाणिज्यिक रूप से 1.700 किग्रा 67 मिग्रा हैरोइन, 2.805 किग्रा गांजा, 4 किग्रा डोडा पोस्त और 60.48 मिग्रा एमडी जब्त की गई। इसी प्रकार फार्मा ड्रग्ससे संबंधित कार्यवाही में 1065 टेबलेट जब्त की गई वहीं अन्य कार्यवाही में 398.69 ग्राम चिट्टा व 60.095 किलोग्राम पोस्त जब्त किया गया।

*साइबर अपराधियों, अवैध हथियार और अपराध नेटवर्क पर भी कार्रवाई*

अभियान के दौरान साइबर अपराधों के विरुद्ध 52 मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 111 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। साइबर अपराधियों से 1 करोड़ 41 लाख 89 हजार 442 रुपये बरामद किए गए वहीं 11 लाख 25 हजार 197 रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए। इसके साथ ही अवैध हथियारों से जुड़े 45 प्रकरण दर्ज कर अपराधियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। साइबर हॉटस्पॉट की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर तथा अन्य विशेष अपराधों के विरुद्ध भी अभियान लगातार जारी रहा। अवैध खनन के विरूद्ध 75 प्रकरणों में कार्यवाही की गई।

*नाकाबंदी और यातायात अभियान से अपराधियों की राह हुई मुश्किल*

राज्यभर में व्यापक स्तर पर नाकाबंदी कर 80 हजार 264 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती बरतते हुए 24 हजार 816 मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1 हजार 603 , बिना हेलमेट वाले 26 हजार 274, बिना सीट बेल्ट वाले 1 हजार 637, काली फिल्म वाले 1 हजार 457, ओवरलोड पर 5 हजार 580 वाहनधारियों के विरूद्ध तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 33 हजार 341 प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अपराधियों की आवाजाही पर भी प्रभावी अंकुश लगाना रहा।

*महिला सुरक्षा और जनभागीदारी पर विशेष जोर*

महिला सुरक्षा को अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए 403 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई और 642 स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए गए। पुलिस और समाज के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 1685 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

*हर रेंज ने निभाई अहम भूमिका*

अभियान में सभी पुलिस रेंजों और आयुक्तालयों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। जयपुर रेंज ने 247 हार्डकोर अपराधियों की पहचान तथा 4 हजार 958 एमवी एक्ट कार्रवाइयों के साथ अग्रणी भूमिका निभाई। बीकानेर रेंज ने 81 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर नशा तस्करों के विरुद्ध सबसे प्रभावी कार्रवाई की। जोधपुर रेंज ने 186 हार्डकोर अपराधियों की पहचान करते कार्यवाही की। अजमेर रेंज ने महिला सुरक्षा के मामलों में उल्लेखनीय कार्य किया, जबकि कोटा और जयपुर रेंज ने 32-32 अपराधियों को पकड़ कर साइबर अपराध नियंत्रण से अपनी सक्रियता दिखाई। बीकानेर रेंज ने 170 बीएनएस एक्ट में 304 कार्यवाही तथा अवैध हथियारों की बरामदगी में 20 प्रभावी कार्रवाई की।

*महानिदेशक पुलिस श्री शर्मा बोले – अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं*

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर अपराध एवं महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

————–

फोटो कैप्शन : जयपुर रेंज में विविध कार्यवाहियों के दृश्य।
——————————