सावन में आस्था का सैलाब, हरिद्वार से लाए गंगाजल से किया भोलेनाथ का जलाभिषेक; नाचते-गाते निकले कांवड़िए, स्नेहभोज में उमड़ा समाज
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|सावन के पवित्र माह में रविवार को समस्त तेली समाज की ओर से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल को कांवड़ में लेकर सैकड़ों समाजजन भगवान शिव की भक्ति में सराबोर होकर यात्रा में शामिल हुए। गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच निकली कांवड़ यात्रा से शहर का माहौल शिवमय हो गया।यात्रा की शुरुआत तेलीपाड़ा स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद हुई। कांवड़िए डीजे और ढोल की धुन पर नाचते-गाते तथा भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों सहित समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कांवड़ यात्रा पुरानी धानमंडी, बड़ा मंदिर, सराफा बाजार, महाराणा टॉकीज, मंगला चौक, श्रीजी गेस्ट हाउस, रामस्नेही हॉस्पिटल, नेहरू रोड और सांगानेरी गेट होते हुए तिलक नगर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया। पूरे यात्रा मार्ग पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण नजर आया।
तिलक नगर स्थित तेली समाज नोहरा के सामने श्री शिव मंदिर पहुंचकर कांवड़ यात्रा का समापन हुआ। यहां कांवड़ियों ने हरिद्वार से लाए पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की गई।
जलाभिषेक के बाद तेली समाज के नोहरे में स्नेहभोज का आयोजन किया गया। इसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने एक साथ भोजन प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ समाज की एकजुटता और भाईचारे का भी संदेश दिया।
कांवड़ यात्रा में राजकुमार डगवाल, पूरणमल तेली, गोपाललाल दिया, शिवलाल गेरोटिया, हीरालाल तेली, नानूराम मांदरिया, देवराज तेली, कुशल साहू, मुकेश तेली, प्यारे लाल अगवाल, कालूलाल सोनावा, श्यामलाल बाथरा, रमेश कसोदणिया, राजू साकुंणिया, कमलेश मांदरिया, राकेश पचलोड़िया, शंभूलाल कसोदणिया, मोडीराम सोनावा, किशन आसरवा, रतन गुटकणिया, राजू आसरवा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
सावन में आयोजित इस भव्य कांवड़ यात्रा ने जहां शिवभक्ति और आस्था का संदेश दिया, वहीं समाज की एकजुटता, सहभागिता और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण को भी प्रदर्शित किया।
