चिकसी में फुटबॉल फाइनल में उतरेंगे विदेशी खिलाड़ी, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। राजस्थान में पहली बार ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जिला स्तरीय सरपंच खेल महोत्सव-2026 का भव्य समापन 18 जुलाई को ग्राम पंचायत चिकसी में होगा। सरपंच संघ जिलाध्यक्ष गणेश लाल साहू एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस अनूठे खेल महोत्सव ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ प्रदेशभर का ध्यान आकर्षित किया है।
खेल महोत्सव के दौरान कबड्डी, फुटबॉल, रस्साकशी, कुश्ती सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह में फुटबॉल का फाइनल मुकाबला सांवरिया इंटरप्राइजेज, चिकसी और अविनाश इंटरप्राइजेज, चिकसी के बीच खेला जाएगा। विशेष आकर्षण यह रहेगा कि सांवरिया इंटरप्राइजेज टीम की ओर से नाइजीरिया, यमन और सूडान के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि महोत्सव का शुभारंभ 4 जुलाई को राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी ने किया था। उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत चिकसी की प्रशासक किशोरी बाई साहू के नेतृत्व में जिलेभर के प्रशासक (सरपंच) एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, नशामुक्त समाज का संदेश देना तथा गांवों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। आयोजन की सफलता को देखते हुए इसे आगामी वर्षों में और भी बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों, प्रशासकों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण खेलों को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक पहल बताया। समापन समारोह को लेकर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।
