लंदन में गूंजेगा राजस्थान का नाम: राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार को ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ का अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ब्रिटिश संसद से आया बुलावा

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।राजस्थान सरकार में सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। लंदन की प्रतिष्ठित संस्था ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ द्वारा उन्हें ब्रिटेन की संसद (पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर) में आयोजित होने वाले 10वें अवॉर्ड समिट के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। यह वैश्विक समारोह आगामी 26 जून 2026 को लंदन में आयोजित होगा।

वाइस प्रेसिडेंट ने खुद सौंपा आमंत्रण पत्र
विशेष बात यह रही कि ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन’ के वाइस प्रेसिडेंट सुशील गायकवाड़ ने व्यक्तिगत रूप से जयपुर पहुंचकर मंत्री डॉ. बाघमार को यह सम्मान और आमंत्रण पत्र भेंट किया। संस्था की ओर से डॉ. बाघमार द्वारा शिक्षा, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और जनहित में किए गए असाधारण व बहुआयामी कार्यों की खुलकर सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी मिल चुका है।
।प्रोफेसर से मंत्री तक का प्रेरणादायी सफर
राजनीति में आने से पहले डॉ. मंजू बाघमार ने उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में लंबे समय तक अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। शिक्षा जगत में उनके योगदान, छात्र मार्गदर्शन और अकादमिक उपलब्धियों को हमेशा सम्मान से देखा जाता रहा है।

व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद वे सामाजिक सरोकारों से लगातार जुड़ी हुई हैं। महिला शिक्षा, बाल विकास, सामाजिक जागरूकता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए चलाए गए अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

वैश्विक मंच पर बढ़ेगा देश का गौरव
संस्था द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार, डॉ. बाघमार ने अपने संवेदनशील नेतृत्व और समाज के प्रति समर्पण से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

क्यों खास है यह आयोजन?
लंदन में होने वाले इस 10वें अवॉर्ड समिट में दुनियाभर के नामचीन मंत्री, राजनयिक, शिक्षाविद और सामाजिक नेतृत्वकर्ता जुटेंगे। ऐसे बड़े वैश्विक मंच पर डॉ. मंजू बाघमार की मौजूदगी न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण होगी।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के विभिन्न राजनेताओं, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों ने मंत्री डॉ. बाघमार को बधाई देते हुए इसे राजस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।