जलझूलनी एकादशी पर 24 घंटे गूंजेगी रामधूनी

मैलोनी चारभुजा मंदिर में शनिवार सुबह 9:15 बजे से होगा अखंड रामधूनी का आयोजन

गंगापुर। स्मार्ट हलचल|जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर कस्बे के मैलोनी मोहल्ले स्थित चारभुजा मंदिर परिसर में शनिवार को अखंड 24 घंटे की रामधूनी का आयोजन किया जाएगा। नवयुवक मंडल मैलोनी की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।आयोजन के तहत अखंड रामधूनी का शुभारंभ शनिवार सुबह 9:15 बजे होगा, जो लगातार रविवार सुबह 9:15 बजे तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान चारभुजा नाथ के भजनों एवं रामधूनी में शामिल होकर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।

कार्यक्रम को लेकर नवयुवक मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर की सजावट, व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अखंड रामधूनी में भाग लेने का आह्वान किया है।