जोबनेर।स्मार्ट हलचल|रामेश्वरम संघ, जोबनेर के तत्वावधान में जोबनेर कस्बे में स्थित श्रीराम द्वारा मंदिर प्रांगण में 165वें संगीतमय श्रीरामचरितमानस (रामायण) पाठ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन रामेश्वरम संघ के आचार्य एवं सेवानिवृत्त कमल दत्त दाधीच के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान शिवांश दाधीच एवं उनकी धर्मपत्नी आरती शर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दामोदर शर्मा एवं पंडित बृजेश कुमार शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराकर विधिवत रूप से रामायण पाठ प्रारंभ करवाया गया।
रामेश्वरम संघ के अध्यक्ष गोपाल सिरसवा ने बताया कि संघ द्वारा पिछले 20 वर्षों से प्रत्येक माह नियमित रूप से श्रीरामचरितमानस का सामूहिक पाठ आयोजित किया जा रहा है। इस परंपरा के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण किया जा रहा है।
राम जन्म प्रसंग के अवसर पर पंडित हरि महाराज शर्मा ने मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं संघ के सदस्यों ने मानस चौपाइयों एवं भजनों का संगीतमय गायन किया। भक्ति रस से सराबोर वातावरण में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और भजनों पर झूमते हुए आनंदपूर्वक नृत्य किया।
इस अवसर पर गोपाल लक्षकार, महेंद्र जोरपुरा, सत्यनारायण धुंधारिया, मनीष पाराशर, रामनिवास भूतिया, दिनेश कुमार साबू, श्रवण कुमावत, श्रवण जाखड़, जुगल शर्मा, मदन प्रजापत, रामसिंह राव, धीरज सिंह राठौड़, पूर्व सरपंच शिवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं रामेश्वरम संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
