चित्तौड़गढ़, 27 जून। स्मार्ट हलचल।शहर के ऐतिहासिक गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य का शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। हिन्दुस्तान जिंक एवं नगर परिषद के संयुक्त सहयोग से लगभग एक वर्ष में विकसित होने वाला यह परिसर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में तैयार होगा।भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू तथा हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने विकास कार्य का शुभारंभ किया।
सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि स्टेडियम के पुनर्विकास से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने सुझाव दिया कि परिसर में वीर योद्धा गोरा-बादल की शौर्यगाथा का भी चित्रण किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ले सके।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए नई सौगात साबित होगा। उन्होंने जिले के विकास में हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों की अपेक्षा जताई।
हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने कहा कि वीरभूमि चित्तौड़गढ़ से जुड़ना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत शिक्षा, खेल एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी जिले के विकास में सक्रिय सहयोग जारी रहेगा।
जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कर स्टेडियम खिलाड़ियों को समर्पित किया जाएगा।
हिन्दुस्तान जिंक के आईबीयू हेड आलोक रंजन ने बताया कि स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वेदांता समूह की सीएसआर हेड अनुपम निधि ने कहा कि यह परियोजना जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से होगा सुसज्जित परिसर
पुनर्विकास योजना के तहत अत्याधुनिक फुटबॉल मैदान, जॉगिंग एवं वॉकिंग ट्रैक, महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए पृथक चेंजिंग रूम, आधुनिक शौचालय, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी, हाई मास्ट लाइटिंग, सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था, वर्षा जल संचयन प्रणाली, संपर्क मार्गों का विकास तथा चारदीवारी एवं प्रवेश द्वारों का नवीनीकरण किया जाएगा। तैयार होने के बाद यह परिसर खेल प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं तथा सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा।
