बांदीकुई के 5 हजार उपभोक्ताओं को मिलेंगी बिजली संकट से राहत,अतिरिक्त फीडर का कार्य तीन दिन में होगा पूरा, विधायक ने किया निरीक्षण

अमर चन्द बैरवा

बांदीकुई।। स्मार्ट हलचल|शहर के फर्स्ट फीडर के करीब 5 हजार उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या से जल्द ही निजात मिलने वाली है। बिजली निगम ने इस फीडर को दो भागों में बांटने के लिए एक अतिरिक्त फीडर का निर्माण किया है। विधायक भागचंद टांकड़ा ने सोमवार को बिजली निगम के इस कार्य का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शहर में बिजली आपूर्ति के लिए तीन फीडर बने हुए हैं, जिनमें फर्स्ट फीडर सबसे बड़ा है। इस फीडर में लगभग 5 हजार उपभोक्ता होने के कारण गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी इसी फीडर के उपभोक्ताओं को होती है। गर्मी बढ़ने पर बिजली की खपत अधिक होने से इस फीडर का लोड 250 एंपियर तक पहुंच जाता है, जिससे बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है।

इस परेशानी को दूर करने के लिए बिजली निगम ने एक अतिरिक्त फीडर का निर्माण किया है। इस नए फीडर में फर्स्ट फीडर के लगभग ढाई हजार उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा, जिससे मूल फर्स्ट फीडर का लोड कम हो जाएगा और ट्रिपिंग की समस्या में कमी आएगी।

सोमवार को विधायक भागचंद टांकड़ा बिजली निगम के इस कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। सहायक अभियंता (एईएन) सी.एल. सैनी ने विधायक को बताया कि अतिरिक्त फीडर के लिए लगभग 2 किलोमीटर लंबी 11 केवी की भूमिगत लाइन बिछाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि ये अतिरिक्त फीडर तीन दिन में चालू हो जाएगा।

एईएन सैनी ने विधायक को आश्वस्त किया कि इस नए फीडर के चालू होने के बाद फर्स्ट फीडर में लोड बढ़ने पर भी उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से मिलेगी। विधायक टांकड़ा ने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) शेरसिंह मीणा और एईएन सैनी को निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए बिजली के पुख्ता इंतजाम पहले से ही किए जाएं और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान किया जाए।