रेलवे स्टेशन चौराहे से सूचना केंद्र तक निकाली रैली, दो मिनट का मौन रखकर लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|सड़क दुर्घटनाओं में अपनों को खोने का दर्द और ऐसी घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी का संदेश लेकर रविवार शाम शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। विश्व स्मरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस मार्च में विभिन्न सामाजिक संगठनों, परिवहन विभाग के अधिकारियों, साइकिल क्लब के सदस्यों और नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने हाथों में मोमबत्तियां और दीपक लेकर सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च रेलवे स्टेशन चौराहे से शुरू होकर गोल प्याऊ चौराहा और बालाजी मार्केट होते हुए सूचना केंद्र पहुंचा। यहां उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों को याद किया। साथ ही हादसों में घायल हुए लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति की जिंदगी नहीं छीनतीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ देती हैं। थोड़ी सी लापरवाही कई परिवारों को जिंदगीभर का दर्द दे जाती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति गंभीर और जिम्मेदार होना होगा।
इस दौरान तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। आयोजन का संदेश था कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
**इनकी रही सहभागिता**
परिवहन विभाग की ओर से प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद युनुस, अति प्रशासनिक अधिकारी महावीर सिंह, वाहन निरीक्षक अनिल शर्मा, कैलाश कंवर, सुरेश जांगिड़ और लवलिश टेलर सहित स्टाफ मौजूद रहा। भीलवाड़ा साइकिल क्लब से अरुण संतोष मुछाल, राकेश सक्सेना, सुरेश बम्ब एवं लीलाराम आड़वानी, स्नेह समर्पण फाउंडेशन से मोनिका गर्ग व ललित मोहन गर्ग तथा लियो यूथ क्लब से इकबाल सिंह शामिल हुए। समाजसेवी विनोद कोठारी, हिमांशु मालगा, तनवीर अहमद सहित नर्सिंग स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी निभाई।