खेरली-सौंखर पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों का हुआ आरक्षण

दिनेश लेखी

कठूमर। स्मार्ट हलचल|खेरली-सौंखर पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों के लिए गुरुवार को आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल ने लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर आरक्षण की स्थिति घोषित की। लॉटरी के परिणाम सामने आते ही सरपंच पद के कई दावेदारों में खुशी का माहौल बन गया, वहीं आरक्षण के चलते कई दावेदारों को निराशा भी हाथ लगी। कुछ दावेदार अब दूसरे विकल्पों की तलाश में जुट गए हैं।
खेरली-सौंखर क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के लिए घोषित आरक्षण के अनुसार बहरामपुर और दातिया में सामान्य महिला, दारौदा में सामान्य, ढहरीन और दातवाड़ में अनुसूचित जाति महिला, डोरोली में सामान्य, गारू में सामान्य महिला, घोषराना व मन्या का बास में अनुसूचित जाति, कटहैड़ा में अनुसूचित जनजाति, खेरली रेल व खेड़ा कल्याणपुर में सामान्य, खौखर में सामान्य महिला, कुट्टीना व साबदास में ओबीसी महिला, लाठकी नूनिया में अनुसूचित जाति महिला, मख्खन का नंगला व मंगोलाकी में अनुसूचित जाति, नाटौज में सामान्य महिला, पीपलखेड़ा में अनुसूचित जनजाति, रामपुरा में अनुसूचित जनजाति महिला, रामपुरा पाटन में अनुसूचित जाति महिला, सहजपुरा में अनुसूचित जनजाति महिला, सालवाड़ी में ओबीसी, समूची में सामान्य महिला तथा सौंख-सौखरी में सामान्य वर्ग का आरक्षण घोषित किया गया।
लॉटरी खुलने के साथ ही संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने समीकरणों पर चर्चा शुरू कर दी है। जिन पंचायतों में उनकी अपेक्षित श्रेणी का आरक्षण आया है, वहां दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है, जबकि आरक्षण बदलने से कई संभावित उम्मीदवारों को अब अन्य पंचायतों अथवा दूसरे पदों के विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं।