शंभूपुरा में दिनभर धूल के गुबार, भारी लोडिंग वाहनों से आमजन परेशान, थाने में दिया ज्ञापन

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|शंभूपुरा कस्बे के अंदर मुख्य मार्ग पर भारी लोडिंग वाहनों के बेलगाम आवागमन से उड़ रही धूल ने आमजन का जीना दूभर कर दिया है। सड़कों पर पूरे दिन धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर ओवरलोडेड, ट्रेलर, डंपर और ट्रकों के गुजरने से सड़क पर गिट्टी और धूल फैल जाती है। इससे आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। वहीं दुकानों और घरों में धूल जमने से व्यापारी वर्ग भी परेशान है। छोटे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है, कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

थाना शंभूपुरा को सौंपा ज्ञापन

इस गंभीर समस्या को लेकर शुक्रवार को स्थानीय नागरिकों द्वारा थाना शंभूपुरा को ज्ञापन/शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जनता की सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को इस धूल भरी समस्या से राहत मिल सके।