बूंदी- स्मार्ट हलचल|भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा और कार्यवाहक जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा ने शिरकत की।समारोह का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा बाबा साहेब की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके पश्चात जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। अपने विस्तृत उद्बोधन में उन्होंने बाबा साहेब की जीवनी, उनके संघर्षों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं, जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा ने संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का पाठन किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने जिला स्तरीय ‘अम्बेडकर सेवा पुरस्कार’ के विजेता महावीर जी और डॉ. भीमराव अम्बेडकर समरसता समिति के अध्यक्ष को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए ‘मुख्यमंत्री कन्यादान योजना’ के तहत 5 लाभार्थियों को अनुदान राशि के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में समाजसेवी के.सी. वर्मा, चंद्रप्रकाश सेठी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रबुद्धजन और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्पित जैन ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, अधिकारियों और शहरवासियों का आभार (धन्यवाद) ज्ञापित किया।
