* उनियारा सर्किल क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर नहीं है कोई अंकुश-पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल|उनियारा सर्किल अंतर्गत बनेठा थाना क्षेत्र में सुरेली रोड पर नहर के पास स्थित एक फार्म हाउस में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर बिजली उपकरण व तांबे के तार चोरी कर लिए। बदमाशों ने फार्म हाउस के लोहे के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और डीपी ट्रांसफार्मर, बिजली मीटर सहित अन्य सामान को निशाना बनाया।
बनेठा थाना पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, फार्म हाउस मालिक एवं सेवानिवृत्त आरपीएस अधिकारी वृद्धि चंद गुर्जर ने बताया कि वारदात 28 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि करीब 1 बजे से 4 बजे के बीच हुई। अज्ञात बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद परिसर में लगे डीपी ट्रांसफार्मर को खंभे से तोड़कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद डीपी के अंदर से कॉपर के तार निकालकर चोरी कर लिए। चोरों ने बिजली मीटर को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया। वहीं फार्म हाउस परिसर में बने एक कमरे का कुंदा तोड़कर अंदर रखे तांबे के तार भी चोरी कर लिए गए। इसके अलावा प्लास्टिक पाइप के जरिए किए गए बिजली कनेक्शन को भी तोड़ दिया गया तथा पाइप में लगे तांबे के तार निकाल लिए गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने बिजली व्यवस्था से जुड़े पाइपों में भी तोड़फोड़ की। फार्म हाउस मालिक को चोरी की जानकारी 29 अगस्त को दिन में फार्म हाउस पहुंचने पर हुई। इसके बाद उन्होंने बनेठा थाना पुलिस को टेलीफोन के जरिए घटना की सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। मामले में बनेठा थानाधिकारी हीरालाल वर्मा, पुलिस निरीक्षक ने परिवाद दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अचल सिंह सांसी को सौंपी है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश करने के साथ चोरी हुए बिजली उपकरणों एवं तांबे के तारों का पता लगाने में जुटी है।
*रात्रि गश्त पर उठे सवाल*
इधर, उनियारा सर्किल क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर आमजन में भी चिंता है। रात के समय बनेठा कस्बा में आबादी से सटे एरिया में फार्म हाउस जैसे सुनसान स्थान पर मुख्य गेट का ताला तोड़कर डीपी को खंभे से नीचे गिराने और उसके अंदर से तांबे के तार निकालने जैसी वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा पूर्व में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा कर चोर गिरोह पर शिकंजा कसने की मांग की है।
